स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल, स्कार्फ पहनाकर किया सम्मानित
देहरादून : भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्काउट एवं गाइड का स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया।
मुख्यमंत्री धामी ने स्थापना दिवस पर संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स और गाइड्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में संस्था के प्रयास सराहनीय हैं।
इस अवसर पर संस्था के प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड की स्थापना 7 नवंबर 1950 को हुई थी। उत्तराखण्ड में संचालित हैम रेडियो पायलट परियोजना और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य जेपी काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राहुल प्रसाद रतूड़ी तथा गाइड योजना और ईशा ठाकुर शामिल रहीं।

