उत्तराखंड

आपदा प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत 110 परिवारों को ₹87 लाख से अधिक की सहायता

देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सहस्त्रधारा स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में विकास खण्ड रायपुर के आपदा प्रभावित गांवों के 110 परिवारों को राहत प्रदान की। ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान (रिप) परियोजना के तहत सेरागांव, कार्लीगाड़ और धनौला ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों को ₹87 लाख से अधिक की सहायता राशि के चैक वितरित किए गए।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास के साथ-साथ महिलाओं के आजीविका संवर्धन और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की नारी आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। महिलाएं समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनते हुए अपने गांव और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।मंत्री जोशी ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है, ताकि वे सशक्त बनकर प्रदेश के विकास में भागीदारी निभा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 2.55 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जवाडी, संजय राणा, सचिन राणा, घनश्याम नेगी, रतन सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्पणा बहुगुणा सहित  जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *