उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

देहरादून :  कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में सिंचाई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के संतला देवी में नून नदी पर प्रस्तावित झील निर्माण की कागजी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर जल्द कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि झील निर्माण के दौरान पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्रवासियों की पेयजल समस्या के समाधान को भी प्राथमिकता दी जाए।

कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र के मोटर मार्गों के सुधारीकरण, डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहस्त्रधारा बायपास से बगलाधोरण मोटर मार्ग, क्यारा-धनौल्टी मार्ग, छमरौली से डोमकोट मोटर मार्ग तथा बाटाघाट-पुरकुल-मालसी-सरोना-बोंठा मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

मंत्री जोशी ने बरसात से पूर्व संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही कामाख्या मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पी.एल. नौटियाल, सहायक अभियंता मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *