उत्तराखंड

आम महोत्सव से धामी का किसान मंत्र, बोले—अन्नदाता ही उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत

हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में कहा कि किसान उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं और राज्य सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में देश में अपनी अलग पहचान रखते हैं तथा आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों तथा बागवानी से जुड़े लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट, महक क्रांति तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘हिमालय ब्रांड’ के जरिए उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को देश और विदेश में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग से स्थानीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कृषि, बागवानी, मत्स्य, पर्यटन, निवेश और खनन जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य को भारत सरकार से 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार को विकास की नई पहचान बनाना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्य किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव किसानों का उत्साह बढ़ाने और कृषि-बागवानी क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करने का महत्वपूर्ण मंच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *