उत्तराखंड

ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं की जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने की ली समीक्षा बैठक  

रुद्रप्रयाग : जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा शेष कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उत्तराखंड स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (यूएसआरएलएम), विकसित भारत-जी.राम.जी., प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, सांसद निधि, विधायक निधि, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना, रीप-ग्रामोत्थान परियोजना तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत संचालित कार्यों की विभागवार प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए तथा माह के अंत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

बैठक में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों एवं आजीविका संवर्धन गतिविधियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के स्थानीय उत्पादों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें बेहतर विपणन एवं ब्रांडिंग के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए प्रभावी विपणन रणनीति तैयार की जाए, उत्पादों की पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा स्थानीय उत्पादों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के बाजारों से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएं।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में इन योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए समूहों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता तथा विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मानवेन्द्र कौर, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, अगस्त्यमुनि सुरेश शाह एवं जखोली तथा जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान परियोजना सरिता जोशी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *