उत्तराखंड

14.11 ग्राम स्मैक और 78,800 रुपये नकदी के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

देहरादून  :  पटेल नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 14.11 ग्राम अवैध स्मैक और 78,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.20 लाख रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पटेल नगर की पुलिस टीम ने 27 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान आसमीन खातून को क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह जल्द पैसा कमाने के लालच में अपने पति मोहसिन के साथ मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गई थी। उसके अनुसार, उसका पति सहारनपुर और अन्य स्थानों से कम कीमत पर स्मैक खरीदकर लाता था। इसके बाद दोनों स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को अधिक कीमत पर बेचते थे।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन भी आसमीन खातून अपने पति के कहने पर स्मैक बेचने के लिए निकली थी। वह कुछ स्मैक बेच चुकी थी, जिसके बदले उसे बरामद 78,800 रुपये प्राप्त हुए थे। पूछताछ में सामने आए उसके पति मोहसिन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार महिला की पहचान आसमीन खातून (28) पत्नी मोहसिन, निवासी मेंहूंवाला माफी, थाना पटेल नगर, देहरादून के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल पंकज रावत और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *