उत्तराखंड के गांवों में अब घर के पास मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ को मिले दो आरोग्य रथ
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों के नजदीक पहुंचाना जरूरी है। आरोग्य रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इन मोबाइल चिकित्सा इकाइयों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से प्राथमिक उपचार, रोगों की शुरुआती पहचान, निवारक स्वास्थ्य सेवाएं और समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसमें सामाजिक संस्थाओं और कॉर्पोरेट क्षेत्र की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से संचालित की जा रही है।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की वरिष्ठ निदेशक अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी साहिल अरोड़ा और निदेशक आदेश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

