उत्तराखंड

चारधाम यात्रा के यात्रा के लिए पंजीकरण और होटल बुकिंग में बढ़ रहे धोखाधड़ी के मामले

देहरादून : चारधाम यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की जरूरत है। यात्रा पंजीकरण, हेलीकॉप्टर टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई लोग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक और नकली ट्रैवल एजेंटों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार ठग सरकारी पोर्टल जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बनाकर या सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से आकर्षक ऑफर देकर श्रद्धालुओं को फंसाते हैं। कम कीमत में होटल बुकिंग, तुरंत पंजीकरण या हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराने का लालच देकर लोगों से अग्रिम भुगतान करा लिया जाता है। पैसे जमा होते ही ठग संपर्क बंद कर देते हैं और श्रद्धालु ठगी का शिकार हो जाते हैं।

प्रशासन और साइबर पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि चारधाम यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की बुकिंग केवल अधिकृत और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही करें। अनजान लिंक, सोशल मीडिया विज्ञापन या किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत खाते में पैसा भेजने से बचें। बुकिंग करने से पहले वेबसाइट का पता और एजेंसी की विश्वसनीयता अवश्य जांच लें।

अधिकारियों का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान ठग सक्रिय हो जाते हैं और नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। यदि किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खुद भी सतर्क रहें और इस संबंध में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें, ताकि चारधाम यात्रा के नाम पर होने वाली ठगी को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *