उत्तराखंड

रामनगर में महिला की हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में रची गई साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

रामनगर (नैनीताल) : नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। किशनपुर छोई गांव में महिला का शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच में पुरानी रंजिश और बदले की भावना से हत्या किए जाने की बात सामने आई है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से रामनगर कोतवाली को सूचना मिली थी कि किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी (56) पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट के रूप में हुई। जांच के दौरान महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतका के बेटे कुंदन सिंह बिष्ट की शिकायत पर रामनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद वाहन के माध्यम से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंके जाने के साक्ष्य भी मिले। तकनीकी जांच और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली।

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल की भूमिका सामने आई। पूछताछ के दौरान पुरानी रंजिश और बदले की भावना को वारदात की वजह बताया गया। पुलिस के मुताबिक, मोहित अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या को लेकर रंजिश रखता था। इसी के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *