उत्तराखंड

उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

देहरादून : उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की पूर्व निर्धारित तिथि में बदलाव किया है। पहले यह सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होनी थी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नए कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक की जाएगी, जिसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले 24 लाख 30 हजार नोटिसों के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक मामलों की सुनवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित मामलों में करीब 40 प्रतिशत सुनवाई का कार्य भी पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *