उत्तराखंड

कार्मिक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अवकाश के दिन यूपीसीएल एमडी पी. सी. ध्यानी ने बुलाई विशेष बैठक

देहरादून : कार्मिक हितों से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने अवकाश के दिन विशेष बैठक बुलाई। बैठक का उद्देश्य मानव संसाधन अनुभाग में लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाना और कार्मिकों से संबंधित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में मानव संसाधन अनुभाग के कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) आर.जे. मलिक ने कार्मिकों से जुड़े विभिन्न लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रबंध निदेशक के समक्ष रखी। प्रबंध निदेशक ने प्रकरणवार अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि कार्मिकों से संबंधित मामलों के निस्तारण में किसी भी तरह का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और कार्यों की प्रगति की निगरानी की जाए। आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाए।

बैठक में मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया। इस दौरान प्रकरणवार आवश्यक कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्मिक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के लिए निगम प्रतिबद्ध है। अवकाश के दिन विशेष बैठक आयोजित करने का उद्देश्य भी लंबित प्रकरणों के समाधान की प्रक्रिया को गति देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *