उत्तराखंड

सतत विकास और सुशासन में उत्तराखंड देश का अग्रणी राज्य – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

अल्मोड़ा : अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया।

समारोह में इस वर्ष 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को उनके नवाचारी, समाजहित एवं सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम उन कर्मयोगियों और संस्थाओं को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पण और नवाचार के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण उपलब्धियां हासिल कर इन संस्थानों ने समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए पर्यावरण और विकास दोनों का संतुलन बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में राज्य निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में कभी 10वें स्थान पर रहा उत्तराखंड अब देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य सरकार की योजनाबद्ध विकास नीति, सुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली, पानी, सड़क, सीमांत क्षेत्रों के विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में हुए कार्यों से प्रदेश में रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिला है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास संकल्पों का परिणाम है।प्रमुख सचिव नियोजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीपीपीजीजी डॉ. आर मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा, राज्य की उपलब्धियों और सम्मानित विजेताओं की जानकारी साझा की। वहीं जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आमजन का स्वागत करते हुए जनपद के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, पलायन आयोग सदस्य अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अजय वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *