जिला पंचायत बोर्ड बैठक संपन्न, जनप्रतिनिधियों ने उठाई क्षेत्रीय समस्याएं
पिथौरागढ़ : जिला पंचायत सभागार पिथौरागढ़ में आज जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की उपस्थिति में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा। बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा विद्युत आपूर्ति, वन भूमि संबंधी अनुमतियां, सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य, पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं के शीघ्र समाधान से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आम जनता को राहत प्राप्त होगी।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक विभाग स्पष्ट समय-सीमा (टाइमलाइन) निर्धारित कर कार्य करे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी सुझाव एवं समस्याएं महत्वपूर्ण हैं तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, डीपीआरओ हरीश आर्य, सीएमओ एस एस नबियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, कमला चुफाल आदि संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
