उत्तराखंड

आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण रखें अधिकारी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। अधिकारियों को मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार समयबद्ध कदम उठाने को कहा गया है।

धामी ने सभी जिलों में प्रशासन को नियमित बाजार निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित एवं प्रचलित बाजार भाव के साथ स्टॉक की स्थिति की भी जांच की जाएगी। कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। सरकार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने और अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *