मानसून के बाद प्रदेशभर में युद्धस्तर पर होंगे सड़क सुधार के काम : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के सुधार के लिए प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों के सुधार पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।
धामी ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के काम युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। इसके लिए विभाग अभी से तैयारियां पूरी करें और निविदा प्रक्रिया समय से पूरी कर लें, ताकि बारिश थमते ही निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू किए जा सकें।
स्थानीय निकायों को मिलेगा जरूरी संसाधन
बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों के सुधार के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए और इसके लिए स्थानीय निकायों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुगम सड़क व्यवस्था के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।
