उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने किया विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन

देहरादून : राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का दस्तावेज है। यह जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही भी प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन, निवेश, महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को गांवों में ही रोजगार और आजीविका के अवसर मिलें।

धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, भू-कानून और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जैसे निर्णय प्रदेश के हितों को ध्यान में रखकर लिए गए हैं। सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *