धामी सरकार के प्रयासों से आधुनिक और सुंदर बन रहे नगर निकाय : प्रदेश संयोजक सचिन गुप्ता
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से नगर निकायों के विकास के लिए 36 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देने पर भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने आभार जताया है। भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सचिन गुप्ता ने कहा कि ऋषिकेश में चार जनपदों के नौ नगर निकायों में रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण और देहरादून जिले की सात महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शहरी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी नगर निकायों को आधुनिक, स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ नागरिकों को उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के नगर निकायों को मिली सौगातें सरकार के इसी विकास विजन को दर्शाती हैं।उन्होंने कहा कि धामी सरकार शहरी क्षेत्रों में बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था, पार्कों के विकास और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रही है। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश का प्रत्येक नगर निकाय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सक्षम बनेगा। आने वाले समय में उत्तराखण्ड के शहर विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में देश के सामने नई मिसाल पेश करेंगे।

