उत्तराखंड दो अलग-अलग विवादों में दो युवकों की मौत, 15 वर्षीय किशोर समेत 26 साल के युवक ने तोड़ा दम
देहरादून : राजधानी देहरादून में देर रात और दो अलग-अलग विवादों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सूरी चौक के पास की है, जहां दिवाली पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद में 15 वर्षीय किशोर अर्श की जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला की है, जहां दीवार बनाने को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय गौरव की उपचार के दौरान मौत हो गई।
दिवाली पार्टी में विवाद के बाद किशोर की मौत
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के सूरी चौक के पास रात करीब तीन बजे दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि श्रेयस नाम का युवक 15 वर्षीय अर्श को अपने साथ दिवाली पार्टी में ले गया था। वहां दोस्तों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि अर्श के साथ उसके दोस्तों ने मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल युवकों की भूमिका की जांच कर रही है।
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में हुई। पुलिस के अनुसार, सोमवार को 112 के माध्यम से दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि नितिन कुमार और उनके बेटे रोहित का गौरव, मटरू, भोली व कमला के साथ दीवार बनाने को लेकर विवाद हुआ था।
आरोप है कि विवाद के दौरान नितिन कुमार और रोहित ने गौरव पर घातक हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल गौरव को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में घायल रोहित उर्फ भोली और कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों घटनाओं ने राजधानी में देर रात तक चलने वाले विवादों और आपसी रंजिश को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

