उत्तराखंड

दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट का 24 घंटे में खुलासा कर तीन गिरफ्तार

देहरादून : पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए हैं। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी निवासी राणा कॉलोनी, हरिपुर कलां ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह भूमि के सौदे के सिलसिले में देहरादून आए थे और अपने परिचित दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे। इसके बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ अपने वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनके वाहन को रोककर मारपीट शुरू कर दी। हमलावर वाहन की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट का खुलासा करने के लिए पटेलनगर कोतवाली पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूंवाला की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटे गए डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें जानकारी मिली थी कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जल्द पैसा कमाने के लालच में लूट की योजना बनाई। सात नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास उन्होंने राजेश कुमार सोनी और उनके साथियों के साथ मारपीट कर वाहन में रखा 14 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के साथ वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की पहचान भी हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27), निवासी मूल रूप से बिहारीगढ़, सहारनपुर, जसमीत सिंह (18), निवासी सुंदरपुर, बिहारीगढ़ और शक्ति सिंह (47), निवासी राजपुर रोड, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, ओमवीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *