उत्तराखंड

राज्य स्थापना दिवस पर मसूरी शहीद स्थल पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आंदोलन के अमर शहीदों को किया नमन

मसूरी : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पृथक उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही उत्तराखंड को पृथक राज्य का दर्जा मिला। उन्होंने आंदोलन में मातृशक्ति के अतुलनीय योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंडवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पृथक राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया था। अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं।

जोशी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मोहन पेटवाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *