मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का किया लोकार्पण
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। बच्चों और युवाओं को यहां प्रकृति, वन्यजीवों और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है और यहां प्रतिवर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की वन संपदा और जैव विविधता प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

