उत्तराखंड

कुंभ में 15 मार्च को देव डोलियों और देव स्वरूपों का होगा अमृत स्नान

देहरादून : आगामी हरिद्वार महाकुंभ मेला-2027 में 15 मार्च 2027 का दिन उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देव परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। इस दिन संपूर्ण उत्तराखंड से आने वाली देव डोलियां एवं देव स्वरूप अखाड़ों की तर्ज पर पूरे विधि-विधान और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ कुंभ में ‘अमृत स्नान’ करेंगे। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर आभार व्यक्त किया।
आयोजन का मुख्य कार्यक्रम और रूपरेखा
14 मार्च को ऋषिकेश में भव्य शोभायात्रा: समिति के अनुसार, संपूर्ण उत्तराखंड से देव डोलियों को आमंत्रित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मुख्य स्नान से एक दिन पूर्व 14 मार्च 2027 को तीर्थनगरी ऋषिकेश में भव्य देव डोली शोभायात्रा निकाली जाएगी।
15 मार्च को हरिद्वार में मुख्य शोभायात्रा और अमृत स्नान: 15 मार्च 2027 को हरिद्वार के बैरागी कैंप से हर की पैड़ी तक मुख्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके पश्चात समस्त देव डोलियां और देव स्वरूप विधि-विधान के साथ अमृत स्नान करेंगे।
9 मार्च से शुरू होंगे सांस्कृतिक आयोजन: 9 मार्च 2027 को धर्म-ध्वजा की स्थापना के साथ ही 15 मार्च तक प्रतिदिन उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विशेष प्रदर्शनी के आयोजन की योजना तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं व्यवस्थाओं से जुड़ी प्रमुख मांगें
आयोजन को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया:
परिवहन और मार्ग व्यवस्था: देव डोलियों, वाद्ययंत्रों और आवश्यक सामग्री के परिवहन के लिए शासकीय व्यवस्था तथा ऋषिकेश, हल्द्वानी, श्रीनगर और उत्तरकाशी सहित संपूर्ण यात्रा मार्ग पर भोजन व जलपान की सुविधा।
कुंभ क्षेत्र में सुरक्षित परिसर और पंडाल: मेला क्षेत्र में आवंटित भूमि पर विशाल टेंट/पंडाल, मुख्य मंच, पेयजल, विद्युत, शौचालय और श्रद्धालुओं के भोजन की समुचित व्यवस्था।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन: 14 मार्च को ऋषिकेश और 15 मार्च को हरिद्वार में शोभायात्रा व अमृत स्नान के दौरान विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान।
पुष्पवर्षा और सम्मान समारोह: मुख्य शोभायात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की व्यवस्था तथा देव डोलियों व देव स्वरूपों के प्रतिनिधियों को स्मृति-चिह्न व सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाना।
मुख्यमंत्री का आश्वासन और प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कुंभ मेला-2027 में देव डोलियों एवं देव स्वरूपों के अमृत स्नान को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए शासन स्तर से हरसंभव सहयोग व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, डॉ. राजेन्द्र रतूड़ी, गजेन्द्र कण्डियाल, रमेश पैन्यूली, राजेन्द्र प्रसाद व्यास, संजय शास्त्री, महंत रवि प्रपन्न, संजय कुण्डलिया, योगाचार्य डॉ. विपिन जोशी, हरि शंकर जोशी, द्वारिका बिष्ट, विशाल मणि पैन्यूली एवं द्वारिका भट्ट सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *