उत्तराखंड में विज्ञान और तकनीक में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए बनेगी नीतिः राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन
देहरादून : राज्यपाल एवं वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने देहरादून स्थित विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान आईआईटी रुड़की और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (एसटीईएम) के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों, अनुसंधान के अवसरों और प्रभावी नीतिगत सुझावों पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, वैज्ञानिक सोच और युवा शक्ति विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखंड के निर्माण के प्रमुख आधार हैं। महिलाओं को समान अवसर और स्वावलंबन प्रदान करना सामाजिक समानता के साथ देश की वैज्ञानिक एवं आर्थिक प्रगति के लिए भी जरूरी है। उन्होंने विद्यालय स्तर से ही बालिकाओं में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने और उच्च शिक्षा में उन्हें अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी प्रशिक्षण एवं उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने उत्तराखंड की जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान एवं अनुसंधान से जोड़ने की आवश्यकता बताई। कहा कि इससे स्थानीय समस्याओं का समाधान होने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान में तकनीकी प्रतिभा का उपयोग करने की अपील की।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाओं की प्रगति में उनकी क्षमता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक धारणाएं, मानसिक अवरोध और अवसरों एवं मार्गदर्शन का अभाव बड़ी बाधाएं हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने युवाओं एवं महिलाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ कमाना नहीं, बल्कि समाज की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना भी होना चाहिए। उन्होंने जल पुनर्चक्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, ई-कचरे से उपयोगी खनिजों की प्राप्ति और प्लास्टिक कचरे से ऊर्जा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में नवाचार की संभावनाएं बताईं।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि एसटीईएम के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल लैंगिक समानता का विषय नहीं, बल्कि देश की वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने महिलाओं को अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की और सेतु आयोग के सहयोग से आयोजित कार्यशाला के माध्यम से उत्तराखंड में महिलाओं की एसटीईएम क्षेत्र में भागीदारी को लेकर श्वेत पत्र तैयार करने और भविष्य की नीतियों को दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की तकनीकी प्रतिभा का उपयोग करने के उद्देश्य से ‘नशामुक्त भारत ऐप हैकाथॉन’ का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत, तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, कुलपति प्रो. डॉ. तृप्ता ठाकुर, आईआईटी रुड़की के प्रो. अक्षय द्विवेदी, कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी और छात्राएं मौजूद रहीं।

