उत्तराखंड

10 जिलों से होकर गुजरेगी हिमालयन एमटीबी चैलेंज

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर  : अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 प्रदेश में साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने के साथ विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करेगी। प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित गाला डिनर कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम हैं। इससे स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों और जैव विविधता के साथ साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। एमटीबी चैलेंज जैसे आयोजन उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

लोकगीतों और नृत्यों ने बांधा समां

कार्यक्रम में संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपाताल और नई दिशाएं नैनीताल के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत छपेली लोकनृत्य ने कुमाऊं की लोकसंस्कृति की सुंदर झलक पेश की।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *