गुरबाणी कीर्तन के साथ निकली चौथी प्रभात फेरी
हल्द्वानी : साहिब श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित चौथी प्रभात फेरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। प्रभात फेरी का शुभारंभ रामलीला मैदान से हुआ। इसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया।
प्रभात फेरी कालाढूंगी चौराहा, भोलानाथ गार्डन, पंजाबी क्वार्टर कॉलोनी, हीरानगर और मुखानी चौराहा होते हुए गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे, कालाढूंगी रोड पहुंची। इस दौरान संगत ने गुरबाणी गायन और कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी का गुणगान किया। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। गुरबाणी की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे के मुख्य सेवादार अमनदीप सिंह टिंकू और कमेटी सदस्यों ने प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बंटी, महासचिव कंवलजीत सिंह उप्पल, हरजीत सिंह सिंबल, हरपाल सेठी, बंटी सेठी, मनजीत सिंह सेठी, निर्मलजीत सिंह, प्रभजोत सिंह, तेजिंदर सिंह नाटी, जसप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, कोषाध्यक्ष जसपाल सिंह, अमन आनंद सहित स्त्री सत्संगत की सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद ने संगत और गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे की कमेटी का आभार जताया।
मीडिया प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि पांचवीं प्रभात फेरी 21 नवंबर को सुबह पांच बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, हल्द्वानी से गुरुद्वारा श्री गुरु नानकपुरा, ठंडी सड़क, भोटिया पड़ाव के लिए रवाना होगी। उन्होंने संगत से प्रभात फेरी में शामिल होने की अपील की।

