उत्तराखंड

कैम्पटी फॉल घूमने आए पर्यटकों के दो लाख के हीरे जड़ित टॉप्स खोए, पुलिस ने तलाशकर लौटाए

देहरादून : कैम्पटी फॉल घूमने आए पर्यटकों के होटल में छूटे दो लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने और हीरे जड़ित टॉप्स को टिहरी पुलिस ने बरामद कर सकुशल वापस लौटा दिया। कीमती आभूषण वापस मिलने पर पर्यटकों ने पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को पर्यटक अपने परिवार के साथ कैम्पटी फॉल घूमने आए थे। इस दौरान वे कोतवाली कैम्पटी क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। होटल से चेकआउट करने के बाद उन्हें पता चला कि उनके सोने और हीरे जड़ित कीमती टॉप्स कमरे में ही कहीं छूट गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पर्यटकों ने तत्काल इसकी सूचना कैम्पटी पुलिस को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल होटल पहुंचकर जांच शुरू की। होटल कर्मचारियों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इसके अलावा होटल के कमरे, बाथरूम, लॉबी और हाउसकीपिंग सहित अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की गई। पुलिस के प्रयासों से खोए हुए कीमती टॉप्स बरामद कर लिए गए।

19 नवंबर को आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने पर्यटकों को कोतवाली कैम्पटी बुलाकर उनके आभूषण सुपुर्द कर दिए। खोई हुई कीमती वस्तुएं वापस मिलने पर पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने टिहरी पुलिस की कार्यशैली और संवेदनशीलता की प्रशंसा की।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धनंजय सिंह, हेड कांस्टेबल मैराज आलम, नितिन, कांस्टेबल सुधांशु, अमोल राठी, जसवीर चौहान और महिला कांस्टेबल विनीता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *