Sunday, October 11, 2026
Latest:
उत्तराखंड

अग्निवीरों के सुरक्षित भविष्य के लिए उत्तराखंड में बनेगा रोजगार सेल

देहरादून : भाजपा ने धामी कैबिनेट की ओर से अग्निवीर रोजगार सेल के गठन को उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण और देश के अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय पहल बताया है। राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अग्निवीरों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कर्नल कोठियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने 17 जुलाई को देहरादून के कुआंवाला में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में अग्निवीर रोजगार सेल के गठन की घोषणा की थी। अब कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस घोषणा को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हो गया है। सेल के लिए छह पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।

उन्होंने बताया कि अग्निवीर रोजगार सेल का मुख्य उद्देश्य सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले उत्तराखंड के अग्निवीरों को उनकी योग्यता, कौशल, सैन्य अनुभव और रुचि के अनुरूप रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

सेल सेना, अर्धसैनिक बलों, केंद्र और राज्य सरकार के विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा निजी क्षेत्र के बीच समन्वय स्थापित करेगा। इसके साथ ही अग्निवीरों को सरकारी योजनाओं, बैंकिंग प्रक्रियाओं और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी। अग्निवीरों के लिए डिजिटल पोर्टल तैयार करने और रोजगार संबंधी प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी भी सेल की होगी।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि कौशल वीर योजना, आईटीआई और संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय कर अग्निवीरों को रोजगार के लिए मान्य प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभागों और निजी संस्थानों से रोजगार की संभावनाओं को लेकर संवाद जारी है और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था कर चुकी है। अग्निवीर रोजगार सेल सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के अंतर्गत कार्य करेगा और सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में काम करते हुए अग्निवीरों की रोजगार संबंधी जरूरतों और समस्याओं का समाधान करेगा।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड अग्निवीर रोजगार सेल स्थापित करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह पहल आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय मॉडल साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सेना के प्रति युवाओं का भरोसा कायम रखना, सैनिकों का हौसला बढ़ाना और भारतीय सेना को मजबूत बनाने में योगदान देना है।
उन्होंने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों की स्मृति में उनके पैतृक गांवों में मूर्तियां स्थापित करने के निर्णय का भी स्वागत किया।

पत्रकार वार्ता में कैप्टन भगत राणा, हवलदार विनोद खंडूड़ी, कैप्टन मेहरवान भंडारी, कैप्टन रमेश कुमार, हवलदार अनूप, हवलदार वाईएस पंवार, हवलदार अजय पैन्यूली, कैप्टन नंद किशोर, कैप्टन गणेश जोशी, कैप्टन वीरेंद्र सिंह, कैप्टन विष्णु दत्त शर्मा समेत पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *