आंगनबाड़ी संगठनों ने मानदेय वृद्धि पर जताया मुख्यमंत्री धामी का आभार
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, अध्यक्ष भगवती बिष्ट, उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

