कैनाल रोड पर खड़ी स्कूटी और बाइक में कार ने मारी टक्कर, 5 महीने की गर्भवती की मौत , 2 गिरफ्तार
देहरादून : राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 26 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल है। पुलिस ने कार चालक समेत दो युवकों को हिरासत में लेकर मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार संख्या UP14DE 0052 क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी थी। वहीं स्कूटी संख्या UK07AD 5929 और मोटरसाइकिल संख्या UK02BO 7044 भी क्षतिग्रस्त मिलीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। हादसे में स्कूटी पर सवार नैना राजपूत (26) और निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। नैना राजपूत की मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) और उसके साथी हाशिम (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ में सुमित ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लगे, जिसके चलते कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराई। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर दिया है।
मृतका की पहचान नैना राजपूत पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
