उत्तराखंड

चारधाम यात्रा पुनः शुरू, 20 जुलाई को स्थगित होने के बाद यात्रा मार्ग सुचारु

देहरादून : भारी बारिश और यात्रा मार्गों की स्थिति को देखते हुए 20 जुलाई 2026 को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा को आवश्यक समीक्षा के बाद मंगलवार से पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यदि यात्रा के दौरान भारी वर्षा, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो जाए, तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों अथवा होल्डिंग एरिया में ही रुकें और प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाई जाएगी।

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *