जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने एनसीओआरडी समिति की ली बैठक,विभागवार कार्ययोजना की करी विस्तृत समीक्षा
पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (NCORD) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती एवं नशे की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाही एवं विभागवार कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीमांत क्षेत्रों, होटल, होमस्टे, बस एवं टैक्सी स्टैंड सहित संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए तथा पुलिस, एएनटीएफ एवं अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध भांग की खेती के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रखा जाए तथा पुलिस, राजस्व, वन एवं अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें। साथ ही मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे द्वारा जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी गई। बताया गया कि टॉप-50 ड्रग पेडलरों का चिन्हीकरण, जमानत पर रिहा अभियुक्तों की निगरानी, होटल, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान तथा सोशल मीडिया एवं संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की निगरानी लगातार की जा रही है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि एएनटीएफ एवं स्थानीय पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध भांग की खेती के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर लगातार विनष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। जनवरी से 30 जून 2026 तक 492 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 15,703 नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को नशा मुक्ति एवं परामर्श सेवाओं को सुदृढ़ करने, शिक्षा विभाग को शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग क्लब एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित संचालित करने, पंचायत विभाग को ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने तथा समाज कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण विभाग को जोखिमग्रस्त युवाओं एवं बच्चों के बीच जागरूकता एवं पुनर्वास गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में परिवहन विभाग, आबकारी विभाग, वन विभाग, एसएसबी की कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, संयुक्त गश्त, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान तथा विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जनसहभागिता एवं जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा अभियान की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, कमांडेंट एसएसबी अजय कुमार, प्रभारी एसओजी पुलिस नीरज भाकुनी, मुख्य शिक्षाधिकारी तरुण पंत, स्वास्थ्य एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
