उत्तराखंड

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के उत्तराखंड के पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों का अभिनंदन करते हुए खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया।

सम्मानित होने वालों में रुड़की के पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक), देहरादून की जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक), शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चंद्र शर्मा और पुनेश कुमार सिंह तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानंद बेलवाल शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का सम्मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग की अहम भूमिका होती है, इसलिए प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार

धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने के लिए काम कर रही है। आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने के साथ जिला और ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं दी जा रही हैं। महिला, दिव्यांग और ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षकों के क्षमता विकास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *