उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए दी 190 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 190 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसमें पिथौरागढ़ की तांकुल जल विद्युत परियोजना के निर्माण से लेकर सड़क, पुल, पर्यटन और पुलिस विभाग के लिए वाहनों की खरीद शामिल है।

जनपद पिथौरागढ़ में 12 मेगावाट क्षमता की तांकुल जल विद्युत परियोजना के निर्माण के लिए पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड के माध्यम से 159.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी के उच्चीकरण और विस्तारीकरण के लिए 4.75 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड जौनपुर में सौड़ी लग्गा-क्यारी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 3.25 करोड़ रुपये तथा देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में क्षतिग्रस्त आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण एवं मरम्मत के लिए 4.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कल्जीखाल में कांसखेत-असगड़-घंडियाल-धार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 17 तक सुधारीकरण के लिए 3.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के दुगड्डा विकासखंड स्थित गब्बर सिंह कैंप में 36 मीटर स्पान डबल लेन सेतु के निर्माण के लिए 3.31 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

इसके साथ ही पुलिस विभाग को 75 नए वाहन खरीदने की मंजूरी दी गई है। इनमें 21 स्कॉर्पियो, 26 बोलेरो, चार 32 सीटर बस, आठ 24 सीटर बस, आठ 12 सीटर बस, पांच 11 टन ट्रक और तीन चार टन ट्रक शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पांच दंगा नियंत्रण एवं जैमर वाहनों के अवशेष भुगतान के लिए 68.01 लाख रुपये सहित कुल 12 करोड़ रुपये पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर रखे जाने को भी मंजूरी दी गई है।

सरकार के अनुसार इन स्वीकृतियों से विभिन्न जिलों में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ पर्यटन, ऊर्जा और पुलिस व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *