उत्तराखंड

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने ली जिला दूरसंचार समिति की बैठक

पिथौरागढ़ : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला दूरसंचार समिति (District Telecom Committee) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सुदूरवर्ती और सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी की स्थिति तथा विभिन्न संचार परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

​समीक्षा के दौरान बीएसएनएल पिथौरागढ़ द्वारा संचालित 4G सैचुरेशन प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद में इस योजना के अंतर्गत कुल 94 टावर नियोजित हैं, जिनमें से 61 टावरों पर सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। 02 टावरों पर बुनियादी ढांचा तैयार होने के बावजूद वीसैट स्थापना लंबित है, जबकि 21 स्थानों पर पहुंच मार्ग और वर्क ऑर्डर जैसी तकनीकी दिक्कतों के कारण कार्य प्रगति पर है। 09 स्थानों पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित पाई गई, जिसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों और वन विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द आवश्यक रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 10 चिन्हित साइटों पर बिजली कनेक्शन लंबित होने के कारण विद्युत संयोजन को शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए गए।

​भारतनेट परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मैदानी स्तर पर आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा परियोजना कार्यों हेतु अनुमति दी जा चुकी है, इसलिए स्थानीय अधिकारी इसमें किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें और ब्राउनफील्ड सर्वे कार्यों को विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से तत्काल गति दी जाए। ग्राम पंचायत भवनों में नेटवर्क के सुचारू रखरखाव के लिए कार्यान्वयन एजेंसी की टीम को 24 घंटे पहुंच सुनिश्चित करने हेतु चाबियां उपलब्ध कराई जाएं। जिन ग्राम पंचायतों में भवन क्षतिग्रस्त या अनुपलब्ध हैं, वहां वैकल्पिक सरकारी भवनों जैसे आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी स्कूल या सामुदायिक केंद्र में उपकरण स्थापित करने की तत्काल पुष्टि की जाए। उपकरणों को नुकसान से बचाने के लिए पंचायत भवनों में उर्वरक और कीटनाशकों का भंडारण तत्काल रोकने तथा बिजली के पोलों पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने हेतु बिजली विभाग से आवश्यक शटडाउन और अपेक्षित सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।

​जिलाधिकारी ने सी.एम. हेल्पलाइन और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जन शिकायतों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। धारचूला क्षेत्र के अंतर्गत आदि कैलाश मार्ग पर स्थित पांगला, जयकोट, तवाघाट, खेला और सिर्खा जैसे सीमांत गांवों में बेहद कमजोर सिग्नलों की शिकायत पर तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर टावरों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। डीडीहाट के ग्राम करेला में थल बाजार से ब्रॉडबैंड फाइबर का विस्तार करने, मूनाकोट के ग्राम सौरलेख में स्थापित टावर के उपकरणों की ऊंचाई बढ़ाने तथा तकनीकी खामियों को दूर करने हेतु निर्देशित किया गया। मुनस्यारी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सैणरांथी, बेडूमहर, किमखेत तथा साईपोलो जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में लंबे समय से निष्क्रिय पड़े टावरों को तत्काल चालू करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनता को नेटवर्क के लिए मीलों दूर न जाना पड़े। इसके साथ ही तोली-चुफाल में नए टावर स्थापना हेतु किए गए सर्वे पर त्वरित अग्रिम कार्रवाई करने को कहा गया।

​जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने स्पष्ट किया कि डिजिटल कनेक्टिविटी आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता है, विशेषकर छात्रों की पढ़ाई और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के लिए। दूरसंचार कंपनियां और संबंधित सरकारी विभाग आपस में बेहतर तालमेल स्थापित कर सभी तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह समेत संबंधित दूरसंचार के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *