Thursday, October 1, 2026
उत्तराखंड

आपदा न्यूनीकरण के लिए रिवर ड्रेजिंग पर जोर, टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून :  जनपद में खनन सत्र 2026-27 एक अक्तूबर से शुरू होगा। खनन कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में  जिला खनन समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने तथा शासन और न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए नदियों में रिवर ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को आपदा संभावित क्षेत्रों को तत्काल चिह्नित कर वहां उपलब्ध उपखनिज की मात्रा का आकलन करने और नए चिह्नित लॉट के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

अवैध खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए तहसील स्तर पर गठित एंटी माइनिंग टास्क फोर्स को सक्रिय रखने के साथ खनन क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने खनन कार्य में लगे वाहनों की फिटनेस, चालकों की पहचान तथा श्रमिकों की सुरक्षा और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

खनिज वाहनों में रेडियम और फॉग लाइट अनिवार्य करने तथा स्टोन क्रशरों में धर्मकांटा लगाने के निर्देश भी दिए गए। घोड़े-खच्चरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की नियमित जांच के साथ पर्यावरण संरक्षण और बच्चों की शिक्षा से जुड़े प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्टोन क्रशर संचालकों के लिए कम से कम एक हजार पौधे लगाना अनिवार्य करने के निर्देश दिए।

30 लॉट में चल रहा खनन, 31.26 करोड़ राजस्व प्राप्त

जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह ने बताया कि जिले में निजी नाप भूमि के तीन, वन विकास निगम के चार, गढ़वाल मंडल विकास निगम के आठ, ई-निविदा से स्वीकृत एक तथा मैसर्स कैलाश रिवर बैंड एलएलपी के 14 खनन पट्टे आवंटित किए गए हैं। इन लॉटों के तहत कुल 659.81 हेक्टेयर खनन क्षेत्र निर्धारित है। कुल 69 लॉट में से वर्तमान में 30 लॉट पर खनन कार्य संचालित है। इनसे अब तक 31.26 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। शेष लॉटों में आवश्यक कार्रवाई जारी है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, एसपी स्वतंत्र सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम रविंद्र ज्वांठा, जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह, जीएमवीएन प्रबंधक कुसुम चौहान, सीओ विवेक सिंह, आरटीओ से रोशनी पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *