स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सीएचसी रायपुर का किया औचक निरीक्षण
देहरादून : उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सभी चिकित्सक उपस्थित मिले, जिस पर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पर्चा काउंटर, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, इमरजेंसी सेवाओं और अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने ईसीजी ओपीडी का भी निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदने की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर मरीज को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निर्माणाधीन भवन का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सीएचसी रायपुर में बन रही नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नए भवन के तैयार होने के बाद क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और अस्पताल की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, दवाइयां और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
