उत्तराखंड

मतदाता सूची में नाम शामिल करने को 8 से 10 अक्टूबर तक विशेष अभियान

देहरादून : प्रदेश में मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम शामिल करने के लिए 8 से 10 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर होने वाले अभियान के तहत सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी विशेष कैंप लगाएंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता में बताया कि विशेष अभियान के दौरान बीएलओ प्री-एसआईआर से पहले की मतदाता सूची और वर्तमान सूची का मिलान करेंगे। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की सूची में थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में नहीं हैं। पात्र पाए जाने वाले लोगों की बूथवार सूची तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित लोगों की मौजूदा स्थिति का सत्यापन करेंगे और पात्र लोगों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाएंगे। इस दौरान 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए पात्र मतदाताओं के भी फार्म-6 भरवाए जाएंगे।

अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट और बूथ जागरूकता समूह के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार बूथवार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। अभियान के अंतिम चरण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने का एक और अवसर मिल सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। पत्रकार वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *