उत्तराखंड

केदारनाथ धाम में कूड़ा निस्तारण अभियान बना मिसाल, 10 दिनों में 9.5 टन अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण

रुद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम सहित केदारनाथ पैदल मार्ग पर प्लास्टिक एवं ठोस अपशिष्ट के प्रभावी निस्तारण के लिए चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रशासन , सुलभ इंटरनेशनल और नगर पंचायत केदारनाथ के संयुक्त प्रयासों से 18 जून से 27 जून तक 2,332 बैगों के माध्यम से कुल 9,549 किलोग्राम कूड़े का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।

केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग पर तैनात पर्यावरण मित्रों द्वारा प्रतिदिन प्लास्टिक, बोतलें एवं अन्य ठोस अपशिष्ट को व्यवस्थित रूप से एकत्र किया जा रहा है। पर्यावरण मित्र कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद निरंतर स्वच्छता कार्य में जुटे हुए हैं, जिससे धाम और यात्रा मार्ग की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।

एकत्रित कूड़े को धाम से नीचे लाकर गौरीकुंड में संकलित किया जाता है, जिसके बाद सुलभ इंटरनेशनल द्वारा इसे सोनप्रयाग स्थित कॉम्पेक्टर के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम में स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार ठोस प्रयास कर रहा है। पर्यावरण मित्रों की मेहनत, विभागों के समन्वय और तीर्थयात्रियों के सहयोग से कूड़ा निस्तारण व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचारपूर्ण और प्रभावी व्यवस्थाओं के माध्यम से धाम तथा पैदल मार्ग को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *