चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ, सीएम धामी ने कहा- स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली मजबूती
चंपावत : जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए सरकार लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। नई यूनिट से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला अस्पतालों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में स्वास्थ्य के साथ सड़क, पेयजल, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जबकि 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने का काम चल रहा है। चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी शुरू होने वाला है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक रक्त घटक मिल सकेंगे। इससे उपचार में समय की बचत होगी और मरीजों की दूसरे जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिले के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
