उत्तराखंडराजनीति

राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के उत्तराखंड दौरे से कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल

देहरादून : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन की समीक्षा करते हुए 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें कीं।

वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह सहित अन्य नेताओं ने राज्य के राजनीतिक हालात और चुनावी रणनीति पर मंथन किया।

इसके बाद राष्ट्रीय महासचिव ने पार्टी के फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं को जोड़ने तथा भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच मुद्दा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर 2027 का चुनाव लड़ने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि केसी वेणुगोपाल का उत्तराखंड दौरा पार्टी की जीत की नींव साबित होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिली है और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मजबूती से तैयारी में जुट गई है।बैठकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *