उत्तराखंड

SIR में दावे-आपत्तियों के निस्तारण पर रहेगी नौ IAS-PCS अधिकारियों की नजर

देहरादून : उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए 9 आईएएस/पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अधिकारियों की तैनाती की है।

आदेश के अनुसार हरिद्वार जिले में डॉ. संदीप तिवारी, ललित नारायण मिश्र, नंद कुमार और गोपाल राम बिनवाल को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया है। वहीं नैनीताल जिले में संजय कुमार और विनीत तोमर तथा ऊधमसिंह नगर जिले में प्रकाश चंद्र दुम्का, जय किशन और दिवेश शाशनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पर्यवेक्षण अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसमें नोटिस वितरण, तामीली और सुनवाई की प्रक्रिया शामिल है। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन करते हुए दावे एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

नामित अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की आख्या संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सप्ताह में दो बार प्रस्तुत करनी होगी। इसके लिए Manual on Electoral Roll-2023 के अध्याय-11 में निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया और रिपोर्टिंग प्रारूप का अनुपालन किया जाएगा।

आदेश के अनुसार निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण और अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *