उत्तराखंड

पुलिस परिवार की महिलाओं ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज

देहरादून : हरियाली तीज के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस परिवार की महिलाओं की ओर से भव्य एवं रंगारंग तीज समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि गीता धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साह के साथ भाग लिया। लोकगीत, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ तीज के झूले और मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने माहौल को उल्लास से भर दिया।

तीज क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सुनीता जैन को तीज क्वीन, रजनी रावत को फर्स्ट रनरअप तथा नेहा और पार्वती को सेकंड रनरअप चुना गया।
वहीं बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में भूमि ने प्रथम, रागनी ने द्वितीय और पूजा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैभव सिंह और अभिनव राणा तथा नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षित चौधरी को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि गीता धामी ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कर्तव्यों के निर्वहन में जुटे रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार को व्यस्तताओं के बीच खुशियां साझा करने, आपसी जुड़ाव मजबूत करने और परिवार में प्रेम व सहयोग की भावना बढ़ाने का अवसर देते हैं। इससे पुलिस परिवार की एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ती है।

समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। तीज के झूले, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में गौरी सेठ, सोनू, तनवी सिंह, सरोज, निधि, रेनू लोहानी, अनिता अंथवाल, पूर्णिमा गर्ग, जूही मनराल सहित पुलिस परिवार की महिलाएं एवं अन्य अतिथिगण मौजूद रहे। कार्यक्रम के संचालन में पुलिस विभाग की अधिकारियों और पुलिस परिवार की महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *